
जशपुर में सनसनीखेज मामला: तमता-डूमरबहार मार्ग पर पेड़ से लटका मिला कोरबा के आरक्षक का शव
पत्थलगांव/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सड़क किनारे पेड़ पर आरक्षक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के पास मिली बाइक और चुनरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग के किनारे एक पेड़ पर आरक्षक का शव लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल के पास मृतक की बाइक खड़ी मिली। साथ ही एक चुनरी भी बरामद हुई है, जिसके बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक की पहचान नरहरी पटेल (लगभग 37 वर्ष) के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वे कोरबा जिले में पदस्थ थे और कोरबा एसपी कार्यालय में कार्यरत थे।
हत्या, आत्महत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से बाइक और चुनरी मिलने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पत्थलगांव भेज दिया है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। बाइक और चुनरी को भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस विभाग में शोक का माहौल है और पूरे मामले की जांच जारी है।


संस्था: आदिवासी अंचल न्यूज़
कार्य क्षेत्र: ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल की खबरें, सामाजिक मुद्दे और जनहित की आवाज़
उद्देश्य: “सच्ची खबर, जनता की आवाज़ और समाज के हित में पत्रकारिता।”
