पत्थलगांव। पत्थलगांव क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने और कार से कुचलने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के मुताबिक, सड़क किनारे गड्ढे में कूदकर उसने अपनी जान बचाई।
पीड़िता के अनुसार वह एक छोटा होटल चलाती है। इसी दौरान पिठआम निवासी रितेश खुटीया का उसके होटल में आना-जाना होता था। दोनों के बीच परिचय बढ़ा और युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी का व्यवहार बदल गया। घटना वाले दिन आरोपी उसे झंडाघाट-लुड़ेग क्षेत्र के जंगल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
कार से कुचलने का लगाया आरोप
युवती के मुताबिक, घटना के बाद जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने कार क्रमांक CG15EL9682 से उसे कुचलने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए वह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में कूद गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके पिता को भी कार से टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हुए और उनका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
मामले में पत्थलगांव SDOP डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में आरोपी रितेश खुटीया, निवासी पिठआम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त कार CG15EL9682 को भी जब्त किया गया है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।

संस्था: आदिवासी अंचल न्यूज़
कार्य क्षेत्र: ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल की खबरें, सामाजिक मुद्दे और जनहित की आवाज़
उद्देश्य: “सच्ची खबर, जनता की आवाज़ और समाज के हित में पत्रकारिता।”
