
जशपुर/ पत्थलगांव सड़क हादसों में लगातार बढ़ रही मौतों पर अंकुश लगाने के लिए जशपुर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। “हेलमेट अभियान” के तहत मिशन 1000 चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करना है। जशपुर एसपी डॉक्टर लाल उमेद सिंह के निर्देश एवं पत्थलगांव एसडीओपी डॉक्टर ध्रुवेश जायसवाल के मार्गदर्शन में पत्थलगांव थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार के नेतृत्व में पत्थलगांव ट्रैफिक पुलिस ने रविवार (04/10/26) को बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले सैकड़ों वाहन चालकों पर चलानी कार्यवाही की गई और उनकी गाड़ियां जब्त की गईं।
पुलिस की ओर से साफ चेतावनी दी गई है — _”हेलमेट नहीं तो यात्रा नहीं!”_ कहीं इनमें आप भी शामिल न हों। जब्त की गई गाड़ियों को हेलमेट एवं उसकी रसीद दिखाने पर ही छोड़ा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों को सुझाव दिया है कि वे हेलमेट खरीदें, जीवन सुरक्षित करें और हमेशा ISI मार्क वाला हेलमेट ही पहनें।
अभियान के दौरान पत्थलगांव सहित पूरे जिले में पुलिस टीमें अलर्ट पर रहीं। ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख चौराहों और सड़कों पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रहेगी।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि हेलमेट पहनने से सड़क हादसों में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों में काफी कमी आ सकती है। इसीलिए यह अभियान पूरी सख्ती के साथ चलाया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि वे खुद भी हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
*जशपुर पुलिस — जनहित में जारी | हेलमेट अभियान 2026*

संस्था: आदिवासी अंचल न्यूज़
कार्य क्षेत्र: ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल की खबरें, सामाजिक मुद्दे और जनहित की आवाज़
उद्देश्य: “सच्ची खबर, जनता की आवाज़ और समाज के हित में पत्रकारिता।”
